भीलवाड़ा , अक्टूबर 04 -- राजस्थान में टेक्सटाइल नगरी भीलवाड़ा में चार अक्टूबर से अक्टूबर के प्रत्येक रविवार को वीविंग उत्पादन पूरी तरह बंद रखने के सामूहिक फैसले के चलते औद्योगिक क्षेत्रों में मशीनें थमी रहीं और बड़ी संख्या में मजदूर घरों पर रहे।

रोजाना मशीनों की गड़गड़ाहट से गुलजार रहने वाले औद्योगिक क्षेत्र में रविवार को सन्नाटा पसरा नजर आया। भीलवाड़ा टेक्सटाइल ट्रेड फेडरेशन, सिंथेटिक वीविंग मिल्स एसोसिएशन और लघु उद्योग भारती की ओर से जारी संयुक्त आग्रह में कमजोर बाजार मांग, बढ़ते उत्पादन दबाव और मौजूदा बाजार परिस्थितियों को इस फैसले की प्रमुख वजह बताया गया है।

संयुक्त निर्णय के तहत अक्टूबर के चारों रविवार 4, 11, 18 और 25 अक्टूबर को भीलवाड़ा मंडी क्षेत्र की वीविंग इकाइयों में उत्पादन बंद रखने की आग्रह किया गया है। पहले रविवार को इसका असर जमीन पर दिखाई भी दिया। अधिकतर इकाइयों में मशीनें बंद रहीं और श्रमिक काम पर नहीं पहुंचे।हालांकि, कुछ फैक्ट्रियों में छुटपुट कामकाज होने की जानकारी भी सामने आई है।

उद्योग जगत के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पश्चिमी देशों में बढ़ते तनाव और अस्थिर बाजार परिस्थितियों का असर कारोबार पर पड़ रहा है। कच्चे माल, ऊर्जा, परिवहन और अन्य इनपुट लागत में बढ़ोत्तरी के बीच तैयार माल की मांग कमजोर रहने से उद्योग के सामने लागत और बिक्री के बीच संतुलन बनाना चुनौती बन गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित