भीलवाड़ा , जुलाई 24 -- राजस्थान में नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने शुक्रवार को भीलवाड़ा नगर निगम और नगर विकास न्यास (यूआईटी) परिसर में आयोजित 'समीक्षा शिविर' का जायजा लेने पहुंचे।

इस दौरान शिविर स्थल पर सम्पत्ति कारोबारी संघ के सदस्यों ने जमकर हंगामा किया और मंत्री का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने भीलवाड़ा यूआईटी में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार और आवासीय कॉलोनियों के अटके भूखंडों से जुड़े मुद्दों को लेकर कड़ा विरोध जताया, जिससे कुछ देर के लिए मंत्री और व्यापारियों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली।

हंगामे के बीच यूआईटी शिविर का निरीक्षण करते हुए मंत्री खर्रा ने निकाय चुनावों को लेकर कहा कि राज्य सरकार ने निकाय चुनाव से संबंधित अपने स्तर का सारा कार्य पूरा कर लिया है और सरकार चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि अब निकाय चुनावों की तारीखों का ऐलान करना राज्य निर्वाचन आयोग का काम है और अंतिम निर्णय आयोग द्वारा ही लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित