भीलवाड़ा , मई 23 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के मांडल थाना क्षेत्र में शनिवार काे कस्बे में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर श्रद्धालुओं से भरे ट्रैवलर टैम्पो के सामने अचानक से एक गाय के आने से वाहन पलट गया और कम से कम छह लोग घायल हो गये तथा गाय की मौत हो गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सीकर के एक ही परिवार के लोग टैम्पो से प्रसिद्ध कृष्ण धाम सांवरिया सेठ दर्शन करने जा रहे थे। तड़के करीब चार बजे टैम्पो के आगे अचानक गाय आ गई। उससे टकराकर टैम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे एक ही परिवार के संतोष पोद्दार (48), किशन पोद्दार (45), दुर्गा पोद्दार (44), मनीषा पोद्दार (42), सीमा पोद्दार (36) और विनय पोद्दार (23) घायल हो गये। गाय की मौके पर ही मौत हो गई।

सूत्रों ने बताया कि घटना के बाद चीख-पुकार मचते ही राहगीरों ने एंबुलेंस कर्मियों की मदद सेे घायलों को टैम्पो से बाहर निकाला और मांडल के उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। वहां कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद भीलवाड़ा के जिला अस्पताल भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित