भीलवाड़ा , अक्टूबर 23 -- राजस्थान में भीलवाड़ा में त्योहारों के मौके पर मिलावटखोरों पर लगाम कसने और शहरवासियों को शुद्ध एवं उच्च गुणवत्तायुक्त उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए भीलवाड़ा सरस डेयरी पूरी तरह तैयार है। सरस डेयरी के प्रबंध निदेशक (एमडी) त्रिभुवन पाटीदार ने शुक्रवार को यहां बताया कि दीपावली के खास मौके पर सरस डेयरी द्वारा करीब 30 टन विभिन्न प्रकार की स्वादिष्ट मिठाइयां तैयार कराई जा रही हैं, ताकि उपभोक्ताओं को पर्व पर मिलावट की चिंता से पूरी तरह मुक्ति मिल सके। दीपावली के पावन पर्व को देखते हुए विशेष रूप से मुंह मीठा कराने के लिए विभिन्न प्रकार की किस्में तैयार की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि इनमें प्रमुख रूप से रसगुल्ला, काजू कतली, बर्फी, पेड़ा, गुलाब जामुन और सोहन पापड़ी जैसी लोकप्रिय मिठाइयां शामिल हैं। डेयरी का मुख्य उद्देश्य आमजन को किफायती दरों पर शुद्धता की गारंटी के साथ पारंपरिक मिठाइयां उपलब्ध कराना है।
श्री पाटीदार ने बताया कि खाद्य सामग्रियों की इस बड़ी खेप को शहर के हर कोने तक आसानी से पहुंचाने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। मिठाइयों को भीलवाड़ा शहर के विभिन्न प्रमुख सरस बूथों के माध्यम से बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा शहर के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष स्टॉलें भी लगाई जाएंगी, जिससे ग्राहक आसानी से शुद्ध और भरोसेमंद सरस उत्पाद खरीद सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित