भीलवाड़ा , सितम्बर 26 -- राजस्थान में भीलवाड़ा में श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में सकल दिगम्बर जैन समाज की ओर से भीलवाड़ा में शास्त्रीनगर स्थित सूर्यमहल में दशलक्षण (पर्युषण) महापर्व की आराधना सम्पन्न होने पर शनिवार को शाही पारणा महोत्सव का आयोजन किया गया।

श्री पुलकसागर चातुर्मास समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में दस उपवास की तपस्या पूर्ण करने वाले करीब 30 तपस्वियों का पारणा कराने के लिए बिग बॉस फेम मशहूर टीवी स्टार अंकिता लोखंडे एवं निर्माता विक्की जैन पहुंचे थे। महोत्सव से पहले सुबह 10 दिन की तप आराधना (उपवास) करने वाले श्रावक श्राविकाओं की भव्य सामूहिक थालोड़ी का आयोजन किया गया।

शास्त्रीनगर मूलनायक श्री पार्श्वनाथ भगवान के दर्शन के लिए तपस्वियों की शाही बग्गियों में प्रभावना यात्रा निकाली गयी। तपस्वियों ने भगवान पार्श्वनाथ के दर्शन करके आशीर्वाद लिया। सूर्यमहल में पारणा महोत्सव के प्रारंभ में आचार्य पुलकसागर महाराज ने उन्हें संकल्प कराया। तपस्वियों ने संकल्प के माध्यम से वहां उपस्थिति सभी श्रावक श्राविकाओं एवं परिवारजनों से भी उत्तम क्षमा की याचना की।

संकल्प कराने के बाद पारणा कराने का दौर प्रारंभ हुआ। सबसे पहले टीवी स्टार अंकिता लोखंडे एवं निर्माता विक्की जैन ने प्रत्येक तपस्वी के पास पहुंचकर पारणा कराते हुए उनके तप की अनुमोदना की। इसके बाद तपस्वी की माता, पत्नी एवं अन्य परिजनों ने पारणा कराया। तप अनुमोदना का लाभ प्राप्त करने के लिए कई समाजजनों ने भी पारणा कराने का लाभ लिया। निशा हिंगड़ ने गीतों के माध्यम से तपस्या की अनुमोदना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित