भीलवाड़ा , मई 30 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग148डी पर स्थित चावंडिया चौराहे पर शनिवार को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
परियोजना प्रबंधक हिमांशु सिंह ने बताया कि राजमार्ग प्रशासन ने दुकानों के आगे किये गये अवैध पक्के कब्जों, सड़क किनारे लगे फल-सब्जी के ठेलों और अस्थायी केबीनों को जेसीबी मशीन की सहायता से ध्वस्त कर पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया। उन्होंने बताया कि यहां अतिक्रमण करने वाले सभी दुकानदारों और ठेला संचालकों को पूर्व में ही नोटिस जारी करके कब्जा हटाने के निर्देश दिये गये थे। इसके बावजूद तय समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर सुबह दल ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन से बलपूर्वक कार्रवाई की।
श्री सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 148डी की सड़क के दोनों तरफ 15-15 मीटर तक के क्षेत्र को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा, ताकि आगामी सड़क चौड़ीकरण एवं विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित