भीलवाड़ा , जुलाई 09 -- राजस्थान में भीलवाड़ा में सड़क हादसों में घायलों को समय पर राहत और इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस ने बड़ी पहल करते हए जिले के राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर दो अत्याधुनिक 'राजमार्ग राहत वाहन' तैनात किये जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने गुरुवार को बताया कि ये वाहन दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करेंगे। इन राहत वाहनों में गैस कटर सहित आधुनिक उपकरण और उन्नत प्राथमिक चिकित्सा सामग्री उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि कई बार सड़क दुर्घटनाओं में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाते हैं और लोग उनमें फंस जाते हैं। ऐसे मामलों में इन उपकरणों की मदद से घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल प्राथमिक उपचार दिया जा सकेगा।
श्री राणा ने बताया कि एक राहत वाहन हमीरगढ़ से गुलाबपुरा राजमार्ग और दूसरा आसींद से जहाजपुर मार्ग पर तैनात रहेगा। दोनों वाहन 24 घंटे सजग रहेंगे, ताकि दुर्घटना की सूचना मिलते ही बिना समय गंवाये मौके पर पहुंचा जा सके।
उन्होंने कहा कि सड़क हादसों में शुरुआती समय सबसे महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान घायल को समय पर उपचार मिल जाये तो उसकी जान बचने की संभावना काफी बढ़ जाती है। इसी उद्देश्य से यह व्यवस्था शुरू की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित