भीलवाड़ा , मई 15 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के मांडल क्षेत्र में शुक्रवार सुबह मोटरसाइकिल के ट्रक की चपेट में आने से दो पुलिसकर्मियों सहित तीन लोगों की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र में जयपुर-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-48 पर मांडल चौराहे के पास एक ट्रक ने इन लोगों की मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया जिससे दोनों पुलिसकर्मियों की मौके पर मृत्यु हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसने बाद में दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर सुबह करीब पांच बजे 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को मांडल उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया लेकिन रेलवे पुलिस में हैड कांस्टेबल लेखराज बागड़ी (55), निवासी किशनगढ़ और पुलिसकर्मी रविंद्र कुमार जाट (48) पहले ही दम तोड़ चुके थे।
हादसे में गंभीर रुप से घायल छोटू भील (40) की गंभीर स्थिति के मद्देनजर उन्हें उच्च केंद्र के लिए रेफर किया गया लेकिन बाद में उसने भी दम तोड़ दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित