भीलवाड़ा , अगस्त 01 -- राजस्थान के भीलवाड़ा में लगातार हो रही बारिश और आगामी दिनों में भारी वर्षा की चेतावनी के बीच स्थानीय प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। विधायक अशोक कोठारी और जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने नगर निगम, नगर विकास न्यास (यूआईटी) और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ शहर के जलभराव वाले संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये गये हैं कि बारिश के दौरान कहीं भी जलभराव से आमजन का आवागमन बाधित नहीं होना चाहिए। निरीक्षण की शुरुआत एमटीएम तिराहे से जोधाड़ास फाटक तक 100 फुट मार्ग चौड़ीकरण कार्य से हुई। इसके बाद सब्जी मंडी, बायोस्कोप, सुखाड़िया सर्किल और जोधाड़ास फाटक स्थित आरयूवी का निरीक्षण करके स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
दल ने 200 फुट मार्ग स्थित निर्माणाधीन पुलिया, केशव अस्पताल के पास कोठारी नदी ब्रिज, रोडवेज बस स्टैंड क्षेत्र, गणेश मंदिर के पास नाला, कृष्णा अस्पताल मार्ग, मूक-बधिर विद्यालय क्षेत्र, सांगानेर गेट, रामस्नेही अस्पताल, रामद्वारा, अग्रवाल उत्सव भवन, आनंदधाम हवेली मार्ग और आजाद चौक सहित कई संवेदनशील स्थानों का दौरा किया।
आजाद चौक में लंबे समय से अधूरी पड़ी नालियों को लेकर व्यापारियों की नाराजगी सामने आने पर अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाकर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद ट्रांसपोर्ट नगर, पीएफसी गार्डन, इनलैंड कंटेनर डिपो और पुराना डालडा मिल क्षेत्र का भी निरीक्षण किया गया। प्रशासन ने संबंधित विभागों को नालों की सफाई, अतिक्रमण हटाने, पंपिंग व्यवस्था मजबूत करने और जल निकासी के स्थायी समाधान पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित