भीलवाड़ा , सितम्बर 14 -- राजस्थान में भीलवाड़ा नगर निगम के 70 वार्डों में हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 45 सीटों पर जीत दर्ज करके स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया।

भाजपा को बहुमत के लिए 36 सीटों की जरूरत थी। कांग्रेस को करारी शिकस्त के साथ महज 10 सीटों पर संतोष करना पड़ा, जबकि 15 निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज करके शहर की राजनीति में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करायी।

तिलकनगर स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में सोमवार सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई। कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना केंद्र में कर्मचारियों और अधिकृत लोगों को प्रवेश दिया गया। शुरुआती रुझानों से ही भाजपा ने बढ़त बना ली थी, जो मतगणना आगे बढ़ने के साथ मजबूत होती गई। हालांकि कई वार्डों में कांटे के मुकाबले और उतार-चढ़ाव भी देखने को मिले।

चुनाव परिणाम की सबसे ज्यादा चर्चा कांग्रेस के उन नेताओं को लेकर रही, जिनका शहर की राजनीति में लंबे समय से प्रभाव माना जाता रहा है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष शिवराम खटीक की पत्नी समदू देवी चुनाव हार गयी। समदू देवी पूर्व में पार्षद और नेता प्रतिपक्ष भी रह चुकी हैं। शिवराम खटीक के भाई उमेश को भी हार का सामना करना पड़ा।

कांग्रेस की पूर्व सभापति और कई बार पार्षद रह चुकीं मंजू पोखरना भी जीत हासिल नहीं कर सकीं और उन्हें तीसरे स्थान पर रहना पड़ा।

पूर्व सभापति ओम नराणीवाल की पत्नी लीला नराणीवाल को भी हार का सामना करना पड़ा। वहीं पटरी पार क्षेत्र में कांग्रेस को कई झटके लगे। ओम नराणीवाल के नजदीकी माने जाने वाले जितेंद्र राजावत भी चुनाव नहीं जीत पाये। वार्ड 69 में कांग्रेस प्रत्याशी सत्यनारायण कुमावत तीसरे स्थान पर रहे, जबकि वार्ड पांच में पद्मिनी टांक भी कांग्रेस को जीत नहीं दिला सकीं।

भाजपा ने भले ही 45 सीटों के साथ शानदार प्रदर्शन किया हो, लेकिन पार्टी के सभी प्रमुख चेहरे सफल नहीं रहे। अमित सारस्वत चुनाव हार गए। उनका नाम चुनाव के दौरान निर्दलीय प्रत्याशी को बैठाने के कथित प्रयास और एक लाख रुपये छोड़ने के विवाद को लेकर चर्चा में आया था।

खुशबू शुक्ला को भी हार का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर महापौर पद की प्रमुख दावेदार मानी जा रहीं सुमन ओझा और पूर्णिमा जैन विजयी रहीं। अब महापौर चयन को लेकर भाजपा में इन नामों सहित अन्य विजयी महिला पार्षदों पर मंथन तेज होने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित