भीलवाड़ा , सितम्बर 04 -- राजस्थान के भीलवाड़ा में नगर निगम चुनाव के बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को भीलवाड़ा शहर में रोड शो के जरिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनावी अभियान को नयी धार देंगे।

आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि श्री शर्मा का रोड शो पूर्वाह्न 11 बजे दूधाधारी गोपाल मंदिर, संगानेरी गेट से शुरू होगा। इसके बाद रोड शो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बड़े मंदिर के रास्ते महाराणा टॉकीज पहुंचेगा, जहां इसका समापन होगा।

श्री शर्मा के आगमन को लेकर भाजपा संगठन से लेकर नगर निगम और नगर विकास न्यास तक तैयारियों में जुटे हुए हैं। रोड शो को भव्य बनाने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी, विधायक अशोक कोठारी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि तैयारियों में जुटे हुए हैं।

कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में रोड शो में पहुंचने और मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत करने का आह्वान किया गया है। पार्टी स्तर पर अलग-अलग क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भी तैयारियां की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां तेज कर दी गयी हैं। नगर निगम और नगर विकास न्यास के दल शहर में साफ-सफाई, सड़क एवं आसपास के क्षेत्रों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटी हैं। रोड शो के प्रस्तावित मार्ग पर सफाई व्यवस्था, सड़कों की स्थिति, कचरा हटाने और सार्वजनिक स्थानों को व्यवस्थित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर संबंधित विभागों के अधिकारी व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित