भीलवाड़ा , सितम्बर 05 -- राजस्थान में भीलवाड़़ा में कई दिनों से बारिश का इंतजार कर रहे शहर और जिलेवासियों को शनिवार सुबह मौसम ने राहत दी।
सुबह से ही आसमान में बादल छाये रहे और रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो गया। लंबे समय से तेज धूप, गर्मी और उमस झेल रहे लोगों को बारिश के बाद राहत मिली। बारिश ने हालांकि शहर की व्यवस्थाओं की पोल भी खोल दी। कई जगह सड़कों पर पानी इकट्ठा हो गया, जबकि सीवरेज कार्य के चलते पहले से खुदी और उखड़ी सड़कों पर बारिश का पानी पड़ते ही कीचड़ फैल गया। इससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शहर में कई स्थानों पर सीवरेज और अन्य निर्माण कार्य चल रहे हैं। काम के लिए खोदी गयी सड़कों और किनारे पड़े मिट्टी के ढेर बारिश के पानी के संपर्क में आते ही कीचड़ में तब्दील हो गये। शनिवार सुबह बारिश के दौरान कई मार्गों पर पैदल चलना तक मुश्किल हो गया।
दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति और ज्यादा परेशानी वाली रही। कीचड़ के कारण वाहन फिसलने का खतरा बना रहा, वहीं कई जगह सड़क पर इकट्ठे पानी के कारण गड्ढों का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश शुरू होने से पहले यदि निर्माणाधीन सड़कों और खुदाई वाले स्थानों पर उचित इंतजाम किये जाते तो लोगों को इतनी परेशानी नहीं होती।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित