भीलवाड़ा. , अप्रैल 22 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले कोटड़ी थाना क्षेत्र में ब्याज के नाम पर प्रताड़ित करने वाले दो सूदखोरों को गिरफ्तार किया है। ये एक व्यक्ति से अत्यधिक ब्याज वसूलने के बाद भी लगातार धमकियां देकर और पैसे की मांग कर रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंद्रा गाडरी ने करीब छह वर्ष पहले आशाराम से दो लाख रुपये उधार लिए थे। इसके बदले आरोपियों ने उससे एचडीएफसी बैंक, भीलवाड़ा शाखा के सात खाली चेक और 500 रुपये का स्टाम्प सिक्योरिटी के रूप में ले लिया। बाद में आरोपियों ने ब्याज पर ब्याज और पेनल्टी जोड़कर भारी रकम की मांग शुरू कर दी।

पीड़ित के अनुसार, वह पहले ही कुल तीन लाख, 95 हजार रुपये चुका था, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों का लालच खत्म नहीं हुआ। आरोप है कि उन्होंने खाली चेक का दुरुपयोग करते हुए करीब तीन लाख 90 हजार रुपये खुद ही अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। साथ ही, मकान पर कब्जा करने, झूठे मुकदमे में फंसाने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकियां दी गईं।

मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों आशाराम (34) प्रभुलाल (55) ने आपराधिक षड्यंत्र रचते हुए धोखाधड़ी और डराकर पैसे वसूलने का अपराध किया है। इस पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और उनके कब्जे से खाली चेक एवं स्टाम्प बरामद किए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित