भीलवाड़ा , मार्च 14 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के व्यस्ततम और भीड़भाड़ वाले इंदिरा बाजार में शनिवार को नगर निगम की ओर से अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
जिला कलेक्टर एवं निगम प्रशासक जसमीत सिंह संधू के सख्त निर्देशों के बाद निगम का दस्ता बुलडोजर लेकर स्टेशन चौराहे के निकट पहुंचा, जिससे पूरे बाजार के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी के नेतृत्व में निगम का अतिक्रमण निरोधक दस्ता सुबह ही लाव-लश्कर के साथ इंदिरा बाजार पहुंचा। यहां दुकानों के बाहर और फुटपाथों पर अवैध रूप से बनाई गई केबिनों और पक्के निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, इन अवैध केबिनों को कुछ मकान मालिक किराए पर देकर अवैध वसूली कर रहे थे, जबकि यह पूरी जमीन सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज है।
कार्रवाई के दौरान फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के साथ ही वहां अवैध रूप से लगाए गए टीन-शेड और छज्जों को भी उखाड़ फेंका गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित