भीलवाड़ा , फरवरी 10 -- राजस्थान में भीलवाड़ा नगर निगम के दस्ते ने मंगलवार को शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र नागोरी गार्डन में स्वच्छता अभियान और अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई को अंजाम दिया।
इस दौरान अभियान के बीच व्यापारियों और निगम कर्मचारियों के बीच जमकर कहासुनी हुई और माहौल गरमा गया। नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने नागोरी गार्डन क्षेत्र में स्वच्छता अभियान के तहत कार्रवाई शुरू की थी। इस दौरान दस्ते ने दुकानदारों से अपनी दुकानों के बाहर अनिवार्य रूप से कचरा पात्र रखने का आग्रह किया जिससे क्षेत्र को साफ-सुथरा रखा जा सके।
दस्ते ने जब दुकानों के बाहर सड़क और बरामदों में किये गये अतिक्रमण को हटाना शुरू किया, तो दुकानदारों ने इसका पुरजोर विरोध किया। इस दौरान कार्रवाई के तरीकों को लेकर दुकानदारों और निगम कर्मचारियों के बीच तीखी बहस और नोकझोंक हुई।
व्यापारियों के विरोध के बावजूद निगम के दस्ते ने अपना काम जारी रखा और भविष्य में सड़क पर सामान रखकर रास्ता अवरुद्ध न करने की सख्त हिदायत दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित