भीलवाड़ा , सितम्बर 28 -- राजस्थान के भीलवाड़ा में नंगाजी का खेड़ा स्थित शिव मंदिर से लापता हुई मूर्ति की बरामदगी और स्थापना की मांग को लेकर गुलाबपुरा क्षेत्र में व्याप्त तनाव रविवार रात समाप्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोबाइल टावर पर डटे दूसरे युवक सुरेश चौधरी ने भी प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ चार मुख्य बिंदुओं पर सहमति बनने के बाद टावर से उतरने का फैसला किया। युवक के सुरक्षित नीचे आने पर ग्रामीणों के साथ-साथ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी राहत की सांस ली।
शनिवार को तड़के सुरेश कुमार चौधरी और अभिषेक वैष्णव मोबाइल टावर पर चढ़ गये। बाद में परिजनों और पुलिस के समझाने पर अभिषेक वैष्णव उतर आया, जिसे प्राथमिक चिकित्सकीय जांच के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इसके बाद सुरेश चौधरी अकेले ही टावर पर जमा रहा और प्रशासन पर दबाव बनाये रखा। रविवार रात अधिकारियों और प्रमुख समिति के साथ चली वार्ता के बाद सुरेश चौधरी को भी सुरक्षित उतार लिया गया। एहतियात के तौर पर पुलिस और प्रशासन ने उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी स्वास्थ्य जांच की जा रही है।
टावर से नीचे उतरने के बाद सुरेश चौधरी ने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि प्रशासन और संबंधित पक्ष के साथ चार प्रमुख मांगों पर सहमति बनी है। सुरेश ने कहा की मूर्ति ले जाने वाले लोगों ने सार्वजनिक रूप से अपनी गलती स्वीकार कर ली है। दंड के रूप में 25 लाख रुपये की राशि प्रमुख समिति को दी जायेगी। मंदिर व्यवस्था के तहत जमीन को आधिकारिक सरकारी रिकॉर्ड में 'त्रिशूल महादेव' के नाम दर्ज कराया जायेगा। इसके अलावा सुरेश ने यह भी बताया कि दिल्ली के उसी व्यक्ति द्वारा नयी मूर्ति बनवाकर दी जायेगी, जिसने पहले वाली मूर्ति बनवायी थी।
ग्रामीणों का आरोप था कि करीब 60 दिन पहले नंगाजी का खेड़ा शिव मंदिर से गायब हुई शिव परिवार की प्रतिमा को लुहारिया (मांडल) में स्थापित कर दिया गया था। बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद ठोस कार्रवाई न होने पर युवकों को यह कदम उठाना पड़ा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित