भीलवाड़ा , मार्च 22 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले में कांग्रेस को जमीनी स्तर पर फिर मजबूत करने के लिए 100 दिवसीय विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि इस रणनीति के तहत जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामलाल जाट स्वयं पंचायतों के दौरे पर निकलेंगे और पदयात्रा के माध्यम से जनता की समस्याओं को सुनकर उन्हें प्रशासन के समक्ष रखेंगे। भीलवाड़ा में कांग्रेस संगठन को पंचायत स्तर तक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से रविवार को कांग्रेस पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्लॉक अध्यक्षों और वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संगठन को सक्रिय करने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इन सुझावों पर विस्तृत चर्चा के बाद आलाकमान द्वारा निर्धारित 100 दिन के खाके पर काम करने का निर्णय लिया गया।

बैठक के पश्चात जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामलाल जाट ने पत्रकारों से कहा कि सत्ता हासिल करने का मार्ग मजबूत संगठन से होकर गुजरता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस को हर बूथ और हर पंचायत पर सक्रिय करने के प्रयास युद्ध स्तर पर किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित