भीलवाड़ा , सितम्बर 29 -- राजस्थान के भीलवाड़ा में मंगलवार को कांग्रेस के आंतरिक मतभेद प्रदर्शन के दौरान खुलकर सामने आ गये।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर कांग्रेस और देहात कांग्रेस ने अलग-अलग नेतृत्व में कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष शिवराम खटीक के नेतृत्व में कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय से कलेक्ट्रेट की ओर रवाना हुए। देहात कांग्रेस अध्यक्ष रामलाल जाट के नेतृत्व में भी कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया।

दोनों गुटों का विरोध स्थल अलग नहीं था। कलेक्टर कार्यालय ही दोनों के प्रदर्शन का केंद्र रहा। कार्यक्रम का मुद्दा समान था और विरोध भी उसी स्थान पर होना था, लेकिन कांग्रेस के दोनों संगठनों ने अलग प्रदर्शन करके पार्टी में व्याप्त भीतरी गुटबाजी को उजागर कर दिया।

यह घटनाक्रम कांग्रेस के लिए सिर्फ चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहा। एक ही कलेक्टर कार्यालय पर दो अलग-अलग प्रदर्शन ने संगठन के भीतर चल रही खींचतान की चर्चाओं को भी हवा दे दी। कांग्रेस के इन संगठनों पर अब सवाल उठ रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित