भीलवाड़ा , सितम्बर 16 -- राजस्थान में भीलवाड़ा में नगर निकाय चुनाव को लेकर अध्यक्ष और महापौर पद के नामांकन की तस्वीर अब काफी हद तक साफ हो गई है। नामांकन सूची में नगर निगम सहित जिले के 11 नगर निकायों में अध्यक्ष/महापौर पद के लिए 38 उम्मीदवारों के नाम दर्ज सूची में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं।

कई निकायों में अध्यक्ष पद के लिए सीधा मुकाबला दिखाई दे रहा है, जबकि कुछ निकायों में एक से अधिक प्रत्याशियों ने दावेदारी पेश की है। मांडलगढ़ में पांच नाम सामने आए हैं, वहीं गुलाबपुरा, गंगापुर और बिजौलिया में भी अध्यक्ष पद को लेकर कई प्रत्याशी मैदान में हैं।

भीलवाड़ा नगर निगम में महापौर पद के लिए उपलब्ध सूची में भाजपा की जसवंत कंवर और निर्दलीय संतोष कंवर के नाम दर्ज हैं। नगर निगम क्षेत्र में महापौर पद को लेकर दोनों नामों की मौजूदगी चुनावी तस्वीर को खास बनाती है। लेकिन संख्या बल के हिसाब से जसवंत कंवर का महापौर बनना तय है।

नगर पालिका मांडलगढ़ में अध्यक्ष पद के लिए सबसे ज्यादा पांच नाम दर्ज हैं। इनमें भाजपा की श्वेता डांगी, अनिता सुराणा और भारती व्यास, निर्दलीय जुली ऑस्तवाल और कांग्रेस की जाहिरा फातिमा शामिल हैं। यह मुकाबला रोचक होता नजर आ रहा हैबिगोद नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के लोकेश नागौरी और कांग्रेस के मनोजी गुर्जर आमने सामने हैं। वहीं हमीरगढ़ नगर पालिका में भाजपा की रेखा परिहार और कांग्रेस के प्रकाश जाट और जगदीश वैष्णव के नाम दर्ज हैं। इस तरह हमीरगढ़ में अध्यक्ष पद के लिए तीन दावेदारों की तस्वीर सामने आती है।

गुलाबपुरा नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की विष्णु देवी वैष्णव, कांग्रेस की रजनी तोषणिवाल और पूर्णिमा मेवाड़ा और निर्दलीय संतोष देवी गुर्जर के नाम हैं।

आसींद में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के सत्येंद्र सिंह, कांग्रेस के दिनेश गोखरू और निर्दलीय देवी लाल साहू के नाम सामने आए हैं।

गंगापुर नगर पालिका में अध्यक्ष पद की दौड़ में भाजपा के विकल सिंघवी, कांग्रेस की प्रीति काकानी और ललिता सांखला और कांग्रेस से चुनाव जीतने वाली निर्दलीय रेखा हिरण के नाम हैं। वहीं बिजौलिया में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की स्नेहा तिवाड़ी, आशा जोशी और हर्षेंद्र राठौड़ और कांग्रेस की भूमिका सुवालका के नाम सूची में हैं।

बनेड़ा नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के गोपाल चरण सिसोदिया और कांग्रेस के बाबूलाल माली के बीच टक्कर है यहां निर्दलीय खेल कर सकते हैं।

जहाजपुर में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के अलकेश वैष्णव, कांग्रेस के प्रमोद शर्मा और निर्दलीय कांता मीणा मैदान में हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित