भीलवाड़ा , फरवरी 17 -- राजस्थान में भीलवाड़ा में नगर निगम द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए चलाये जा रहे अभियान के दौरान मंगलवार को महावीर पार्क और लाल बहादुर शास्त्री मार्केट में जमकर हंगामा हुआ।

कार्रवाई का विरोध करने पर पूर्व सांसद प्रत्याशी राजेश पाटनी को निगम के दस्ते ने पुलिस के सुपुर्द कर दिया। नगर निगम का दल जब शास्त्री मार्केट में दुकानों के बाहर नालियों पर किये गये अवैध निर्माण को ध्वस्त कर रहा था, तब राजेश पाटनी वहां पहुंचे और कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। निगम दस्ते और होमगार्ड कर्मियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की तो वह वहां से चले गये, लेकिन पाटनी कुछ देर बाद लाउडस्पीकर लेकर लौट आए और लोगों को भड़काने का प्रयास करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख दस्ते ने उन्हें जबरन उठाकर नगर निगम की जीप में डाला और थाने ले गये।

इसी दौरान एक अन्य व्यक्ति ने निगम पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ विशेष बोर्ड और अतिक्रमण नहीं हटाये जा रहे हैं।

निगम की सख्ती को देखते हुए कई दुकानदारों ने नुकसान से बचने के लिए खुद ही मोर्चा संभाल लिया। दुकानों के बाहर लगी महंगी फर्शी और कीमती पत्थरों को दुकानदार मजदूरों की मदद से हटवाते नजर आये।

कार्रवाई के बाद लाल बहादुर शास्त्री मार्केट अब काफी खुला और व्यवस्थित नजर आने लगा है। नगर निगम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में दुकानदारों ने नालियों पर कब्जा किया या सामान बाहर रखा, तो निगम का दस्ता बिना सूचना के सामान जब्त कर लेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित