भीलवाड़ा , फरवरी 14 -- राजस्थान में भीलवाड़ा शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है।

शनिवार को निगम का अतिक्रमण निरोधक दस्ता बालाजी मार्केट पहुंचा और सड़कों पर किये गये अवैध कब्जों को ध्वस्त कर दिया।

निगम सूत्रों के अनुसार शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर अभियान चलाने के बाद शनिवार को दल ने बालाजी मार्केट को चिह्नित किया। यहां कई व्यापारियों द्वारा दुकानों के बाहर आठ से 10 फुट तक सड़क पर चबूतरे और फुटपाथ बनाकर अतिक्रमण कर लिया गया था, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था। निगम सूत्रों ने बताया कि जेसीबी मशीनों के साथ पहुंचे दस्ते ने कार्रवाई शुरू की और दुकानों के बाहर किये गये कच्चे-पक्के निर्माण को तोड़ दिया। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और आमजन को सुविधा देने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान कुछ व्यापारियों ने आपत्ति भी जताई, लेकिन प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए अवैध अतिक्रमण हटाने का काम पूरा किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित