भीलवाड़ा , अगस्त 26 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के बनेड़ा नगर पालिका चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में टिकट वितरण से पहले ही दावेदारों के बीच खींचतान सामने आने लगी है।
विधायक लालाराम बैरवा, भाजपा नेता लक्ष्मीनारायण सोनी, मंडल अध्यक्ष अशोक चेचानी सहित पर्यवेक्षक और अन्य पार्टी नेताओं ने बुधवार को सभी वार्डों के दावेदारों से मुलाकात करके चुनावी तैयारियों और टिकट दावेदारी को लेकर जानकारी ली।
बैठक के दौरान करीब सभी वार्डों से सामने आये स्थानीय दावेदारों ने बाहरी प्रत्याशियों को टिकट दिए जाने का खुलकर विरोध किया। दावेदारों ने पार्टी नेताओं से कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय स्थानीय कार्यकर्ताओं और दावेदारों को ही प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी बाहरी व्यक्ति को टिकट दिया गया तो स्थानीय दावेदारों और कार्यकर्ताओं का समर्थन मिलना मुश्किल होगा।
दावेदारों के विरोध के बीच विधायक और पार्टी नेताओं ने उन्हें भरोसा दिलाया कि स्थानीय कार्यकर्ताओं और दावेदारों को महत्व दिया जाएगा। नेताओं ने कहा कि पार्टी टिकट वितरण में सभी पहलुओं को ध्यान में रखेगी और बाहरी व्यक्ति को टिकट देने जैसी स्थिति नहीं होगी।
भाजपा नेताओं ने दावेदारों से साफ कहा कि एक वार्ड से केवल एक ही व्यक्ति को टिकट दिया जा सकता है। ऐसे में जिसे भी पार्टी प्रत्याशी बनाये, बाकी सभी दावेदारों और कार्यकर्ताओं को उसके साथ एकजुट होकर चुनाव लड़ना होगा। नेताओं ने कहा कि टिकट नहीं मिलने पर किसी भी कार्यकर्ता में मनभेद या मतभेद नहीं रहना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित