भीलवाड़ा , मार्च 09 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के आसींद थाना क्षेत्र मेेंं सोमवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान आक्रोशित लोगों ने नगर पालिका के दस्ते पर पथराव किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आसींद से मालासेरी मार्ग पर स्थित कानपुरा चौराहे पर नगर पालिका का दल भारी मशीनरी के साथ अवैध कब्जा हटाने पहुँचा। निगम की इससे वहां मौजूद भीड़ ने इसका विरोध किया। बाद में उन्होंने निगम के दस्ते पर पथराव कर दिया। पथराव से नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सहित कई कर्मचारियों को वहां से भागना पड़ा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए आसींद थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और बिगड़ती स्थिति को देखकर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता भी बुलवाया गया। मौके पर तहसीलदार जय सिंह चौहान, अधिशासी अधिकारी विकास कुमावत सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पथराव करने के आरोप में मौके से चार-पांच लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित