भीलवाड़ा , मई 24 -- देश की प्रतिष्ठित वस्त्र नगरी भीलवाड़ा को औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार हवाई और रेल सम्पर्क को मजबूत बनाने की दिशा में गंभीरता से काम करेगी।
केंद्रीय कानून एवं न्याय तथा संसदीय कार्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने रविवार को भीलवाड़ा टेक्सटाइल ट्रेड फेडरेशन द्वारा रीको ग्रोथ सेंटर स्थित फेडरेशन भवन में आयोजित अभिनंदन समारोह में कहा कि भीलवाड़ा अब देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान रखने वाली प्रमुख टेक्सटाइल नगरी है।
उन्होंने कहा कि यहां के उद्योगपतियों की मेहनत, दूरदर्शिता और उद्यमशीलता ने इस शहर को औद्योगिक मानचित्र पर विशेष स्थान दिलाया है। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा को बेहतर हवाई और रेल सम्पर्क उपलब्ध हो जाए तो यहां के उद्योग, व्यापार और निर्यात क्षेत्र को अभूतपूर्व गति मिल सकती है।
श्री मेघवाल ने कहा कि वर्तमान में भीलवाड़ा के विकास में सबसे बड़ी बाधा हवाई एवं रेलसेवा की कमी है। इस समस्या को दूर करने के लिए केंद्र सरकार स्तर पर हरसंभव प्रयास किए जाएंगे, ताकि उद्योगों को राष्ट्रीय और वैश्विक बाजारों से सीधे जोड़ने का रास्ता आसान हो सके।
कार्यक्रम में सांसद दामोदर अग्रवाल ने भी भीलवाड़ा की औद्योगिक उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि शहर का करीब 35 हजार करोड़ रुपये का वार्षिक टर्नओवर और हजारों करोड़ रुपये का निर्यात इसकी औद्योगिक क्षमता का जीवंत प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यहां के उद्यमियों की कार्यकुशलता और दूरदर्शी सोच ने भीलवाड़ा को देश की वस्त्र राजधानी के रूप में स्थापित किया है।
सांसद अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि भीलवाड़ा की हवाई और रेल सम्पर्क को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि हमीरगढ़ हवाई पट्टी का विकास और यहां नियमित हवाई सेवाएं शुरू होने से जिले के उद्योग, व्यापार, निवेश और निर्यात गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। साथ ही उन्होंने मेगा टेक्सटाइल पार्क के लिए भीलवाड़ा को प्राथमिकता देने की मांग रखते हुए कहा कि टेक्निकल टेक्सटाइल एवं चैलेंजिंग मोड आधारित पार्क के लिए भीलवाड़ा देश का सबसे उपयुक्त केंद्र साबित हो सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित