भीलवाड़ा , जुलाई 21 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल में मंगलवार को कुछ ही घंटों के भीतर चोरी के दो अलग-अलग मामले सामने आने से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज अस्पताल के स्टोर के चैनल गेट से पुरानी टेबल, पंखे, वीलचेयर सहित हजारों रुपये का कबाड़ और अन्य सामान दिनदहाड़े एक भार वाहक टेंपो में भरकर ले जाया जा रहा था। अस्पताल के दो कर्मचारियों ने वाहन को बीच रास्ते रुकवाया गया। पूछताछ में चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और कथित तौर पर किसी कबाड़ी का नाम लेने लगा। कर्मचारियों ने तुरंत पूरा सामान वापस स्टोर में उतरवाया। पुलिस में यह मामला दर्ज करा दिया गया है।

इसी बीच कुछ ही घंटों बाद चोरी का एक और मामला सामने आया। सूत्रों के अनुसार अस्पताल में कार्यरत एक वार्ड लेडी कथित रूप से कबाड़ का सामान चोरी करके बाहर ले जा रही थी। वहां मौजूद लोगों की नजर पड़ते ही वह सामान छोड़कर मौके से फरार हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित