विजयपुरा (कर्नाटक) , जून 23 -- कर्नाटक के विजयपुरा जिले की पुलिस ने भीमा नदी के किनारे छह लोगों की बेरहमी से हत्या करने वाले मुख्य आरोपी को उस समय पैर में गोली मारी और गिरफ्तार कर लिया जब वह कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर हमला कर भागने की कोशिश कर रहा था।
गत 29 मई को गोविंदपुरा गांव के पास सामूहिक हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता और आरोपी महेश तलवाड़ को पुख्ता जानकारी के आधार पर एक विशेष दल ने काफी तलाश के बाद इत्तांगीहाल गांव के पास ढूंढ़ निकाला। पुलिस जैसे ही उसे गिरफ्तार करने बढ़ी, उसने पथराव शुरू कर दिया और चाकू से पुलिसकर्मियों पर हमला कर भागने की कोशिश की तो मजबूरन पुलिस को गोली चलानी पड़ी।
जांच अधिकारियों का मानना है कि इस पूरे हत्याकांड की साजिश रचने में तलवाड़ की मुख्य भूमिका थी। यह हत्या जमीन के पुराने विवाद को लेकर की गयी थी, जिसके लिए 15 लाख रुपये की सुपारी दी गयी थी। इस वारदात में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गयी थी, जिससे पूरे इलाके में भारी गुस्सा फैल गया था और जल्द से जल्द इंसाफ की मांग उठने लगी थी।
अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद से ही तलवाड़ फरार था और इस मामले में सबसे वांछित था। गिरफ्तारी के बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां वह पुलिस हिरासत में है।
पुलिस इस साजिश से जुड़े कई अन्य संदिग्धों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि तलवाड़ से आगे की पूछताछ से भीमा नदी घाटी क्षेत्र में हाल के वर्षों के इस सबसे भयानक हत्याकांड के पीछे जुड़े पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने में मदद मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित