हल्द्वानी , सितंबर 29 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिले के भीमताल बांध के पुनर्निर्माण की राह अब खुलती दिख रही है। बांध के पुनर्निर्माण के लिए केंद्र के विशेषज्ञों की टीम से जल्द परीक्षण कराया जाएगा।
नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट द्वारा काठगोदाम में मंगलवार को सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ की गई समीक्षा बैठक में यह बात सामने आई। बैठक में सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता संजय शुक्ल एवं अन्य अधिकारी शामिल रहे।
इस दौरान बताया गया कि नैनी झील की सुरक्षा के लिए 38 करोड़ रुपये की योजना बनाकर भेजी गई है, वहीं ऊधमसिंह नगर जिले में बाजपुर से गुमसानी तक लेवड़ा नदी को बाढ़ से बचाने के लिए 18.84 करोड़ रुपये की योजना प्रेषित की गई है। सांसद ने आपदा से हुए नुकसान और पुनर्निर्माण की प्रस्तावित योजनाओं की भी समीक्षा की। श्री भट्ट ने बालियानाले के कार्यों की गुणवत्ता और उपयोगिता पर संतोष जताया। साथ ही कृष्णापुरी के आसपास हो रहे भू-स्खलन की जानकारी भी ली। अधिकारियों ने बताया कि उत्तराखंड आपदा निवारण कोष (यूएलएमएमसी) उस क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर चुका है और रिपोर्ट सचिव आपदा को दी जाएगी।
यही नहीं सांसद भट्ट ने इससे पहले गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंचकर बाढ़ सुरक्षा कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान यह तथ्य सामने आया कि उत्तराखंड भूस्खलन न्यूनीकरण एवं प्रबंधन केंद्र (एसडीएमएफ) के तहत स्टेडियम की सुरक्षा के लिए 36.82 करोड़ रुपये की लागत से हुए कार्य निर्धारित समय से पहले पूरे किए गए, जिस पर उन्होंने विभाग की उपलब्धि पर संतोष जताया।
अब 14.55 करोड़ रुपये की प्रस्तावित बाढ़ सुरक्षा योजना पर काम होना है। इसे पूरा कराने के लिए श्री भट्ट ने वन विभाग को सहयोग करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, प्रभागीय वनाधिकारी तराई पूर्वी वन प्रभाग हल्द्वानी, प्रभागीय वनाधिकारी हल्द्वानी वन प्रभाग, खेल विभाग की उपसचिव राशिका सिद्धिकी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित