केंद्रपाड़ा , मई 14 -- ओडिशा के भीतरकनिका राष्ट्रीय उद्यान के अधिकारियों ने बुधवार को एक खाल तस्कर को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से 20 किलोग्राम कच्चा हिरन का मांस और शिकार करने की सामग्री जब्त की है।

कनिका वन क्षेत्र के सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) मानस कुमार दास ने कहा कि आरोपी की पहचान तलचुआ मरीन थाना के पट्टापरिया गांव के रंजन सामल के रूप में हुई है, जिसे बुधवार को एक विशेष अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया और उसके पास से कच्चा हिरन का मांस, दो बिलहुक, 10 नायलॉन के फंदे और शिकार का दूसरा सामान जब्त किया है।

गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कनिका वन क्षेत्र और वन्यजीव क्षेत्र की एक संयुक्त टीम ने तलचुआ वन अनुभाग के पट्टापरिया बीट के तहत दखिना महिसमदा संरक्षित वन में छापा मारा। टीम ने अभियान के दौरान सामल को सफलतापूर्वक पकड़ लिया लेकिन उसके दो साथी मौके से भागने में सफल हो गए।

वन अधिकारियों के मुताबिक आरोपी और उसके साथी चित्तीदार हिरण का शिकार करने के लिए जंगल के इलाके में घुसे थे। उन्होंने एक चित्तीदार हिरण को फंसाकर मार डाला और हिरण का मांस बाजार में बेचने की तैयारी कर रहे थे। अधिकारियों ने मांस और शिकार का सामान तो बरामद कर लिया लेकिन वे जानवर की खाल या सींग नहीं ढूंढ पाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित