ऋषिकेश/पौड़ी , जून 02 -- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा एवं पर्यटन सीजन के दौरान रामझूला क्षेत्र में परिजनों से बिछड़े एक चार वर्षीय मासूम को पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मंगलवार को सकुशल उसके परिवार से मिलवाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नक्ष पुत्र दीपक कुमार, निवासी गोकुलपुरी, दिल्ली अपने परिजनों के साथ रामझूला क्षेत्र में भ्रमण के लिए आया था। इसी दौरान भारी भीड़ के बीच वह अपने परिवार से बिछड़ गया। अपरिचित माहौल और भीड़ के कारण बच्चा काफी घबराया हुआ था।

घटना की सूचना मिलते ही चौकी रामझूला पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हो गई। पुलिसकर्मियों ने बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में लेकर उसके परिजनों की तलाश शुरू की। लगातार खोजबीन, सूझबूझ और प्रभावी प्रयासों के कारण पुलिस ने कुछ ही समय में बच्चे के परिजनों का पता लगा लिया और उसे सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।

अपने बच्चे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ के बीच पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता ने उनके परिवार को बड़ी परेशानी से बचा लिया।

उल्लेखनीय है कि चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान लक्ष्मणझूला एवं रामझूला क्षेत्र में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंच रहे हैं। ऐसे में पौड़ी पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जरूरतमंदों की सहायता कर मानवीय पुलिसिंग की मिसाल भी पेश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित