भिवानी , जून 28 -- हरियाणा के भिवानी के दिनोद गेट स्थित टिबड़ेवाल सभागार के सामने पिछले 65 वर्षों से आजीविका चला रहे छह गरीब परिवारों को हटाने के प्रयास के विरोध में रविवार को धरना नौवें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि जब तक प्रभावित परिवारों को न्याय नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा।

इससे पहले शनिवार शाम विभिन्न सामाजिक संगठनों और शहरवासियों ने दिनोद गेट से घंटाघर, हांसी गेट, महम गेट और रोहतक गेट होते हुए विशाल मौन जुलूस निकाला। जुलूस का नेतृत्व जेजेपी नेता मदन यादव और मुस्लिम समाज के जिला प्रधान जोरावर अली ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोगों और पुलिस की मिलीभगत से गरीब परिवारों को उजाड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि छह परिवारों को सम्मानपूर्वक अपने स्थान पर काम करने दिया जाए तथा मामले में शामिल दोषियों और सहयोगी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन पूरे हरियाणा में फैलाया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित