भिवानी , जून 28 -- भिवानी शहर की चार सगी बहनों ने पुश्तैनी जमीन हड़पने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मुख्यमंत्री को शिकायत भेजकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता उमा अग्रवाल, मंगला पौदार, भावना डालमिया और अजीता चौधरी का आरोप है कि आरोपी शिव शंकर कसेरा ने फर्जी मुख्तारनामा तैयार कर करोड़ों रुपये की जमीन और रकम हड़प ली।
शिकायत के अनुसार, चारों बहनों ने वर्ष 2022 में अपनी 675 वर्ग गज पुश्तैनी जमीन 75.35 लाख रुपये में बेचने का इकरारनामा किया था। आरोप है कि बाद में आरोपी ने खुद को रिश्तेदार बताकर उनके नाम से मुख्तारनामा बनवा लिया और निर्धारित 675 वर्ग गज के बजाय करीब 920 वर्ग गज जमीन की सात रजिस्ट्रियां अन्य लोगों के नाम कर दीं। बहनों का दावा है कि उन्होंने दिसंबर 2025 में मुख्तारनामा रद्द करा दिया था, लेकिन उससे पहले ही उसका दुरुपयोग किया जा चुका था।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने नगर पालिका में 333 वर्ग गज की फर्जी पीआईडी बनवाकर सह-हिस्सेदारों की जमीन पर भी कब्जे की कोशिश की। पीड़ितों का कहना है कि अतिरिक्त भूमि और बिक्री की रकम का भुगतान अब तक नहीं किया गया। साथ ही आरोप लगाया गया कि कम मूल्य दर्शाकर रजिस्ट्रियां कराने से सरकार को करीब 10 लाख रुपये की स्टांप ड्यूटी और पंजीकरण शुल्क का नुकसान पहुंचाया गया।
बहनों ने मामले की निष्पक्ष जांच, फर्जी दस्तावेज रद्द करने, बकाया राशि की वसूली और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित