भिवानी , अगस्त 09 -- हरियाणा के भिवानी थाना साइबर क्राइम भिवानी पुलिस ने साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए दोस्त का बैंक खाता उपलब्ध कराने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव बड़सी जाटान निवासी साहिल पुत्र संजय के रूप में हुई है।
गांव बड़सी गुजरान निवासी सावन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब 7-8 महीने पहले उसका दोस्त साहिल उससे मिला था। साहिल ने बताया कि उसके घर में जमीन के पैसे आने हैं, लेकिन बैंक से लिया गया लोन नहीं चुकाने के कारण उसका खाता ब्लॉक है। उसने सावन से अपने लिए बैंक खाता खुलवाने को कहा। दोस्त होने के नाते सावन उसकी बातों में आ गया।
शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम भिवानी में मामला दर्ज किया गया। मुख्य सिपाही पवन कुमार की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए साहिल को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने शिकायतकर्ता के नाम पर बैंक खाता खुलवाकर उसे साइबर अपराध में इस्तेमाल करने के लिए उपलब्ध कराया और इसके बदले 5 हजार रुपये देने की बात सामने आई है।
आरोपी गुरुग्राम में निजी वाहन चलाने का काम करता है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित