भिवानी , अक्टूबर 07 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बुधवार को चौधरी सुरेंद्र सिंह मेमोरियल हुडा पार्क मैदान में जिला स्तरीय विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।
कार्यक्रम में श्रुति चौधरी, विधायक घनश्याम सर्राफ, बवानीखेड़ा विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि, पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल, भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, जिला प्रभारी डॉ. अरविंद यादव और सांसद धर्मबीर सिंह के पुत्र मोहित चौधरी ने सेवा ज्योति प्रज्वलित की। इसके बाद सभी अतिथियों की अगुवाई में हुडा पार्क से सेवा ज्योति यात्रा शुरू हुई, जो पंडित नेकीराम शर्मा घंटाघर चौक पर संपन्न हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में युवा, खिलाड़ी, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और शहर के गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए देशसेवा में जुटे रहने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि 25 वर्षों की जनसेवा के दौरान प्रधानमंत्री ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। धारा 370 हटाना, राम मंदिर निर्माण और ऑपरेशन सिंदूर जैसे फैसले देशहित में ऐतिहासिक कदम रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने किसान, महिला, युवा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए अनेक कार्य किए हैं। उन्होंने हाल ही में प्रधानमंत्री के साथ प्रदेश के विधायकों की हुई बैठक को भी महत्वपूर्ण बताया।
सिंचाई मंत्री ने कहा कि किसाऊ परियोजना को लेकर विभिन्न राज्यों के बीच एमओयू हुआ है, जिससे यमुना में 1300 क्यूसेक अतिरिक्त पानी आएगा और हरियाणा को इसका लाभ मिलेगा। वहीं प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले 25 वर्षों का सफर जनसेवा से राष्ट्रसेवा तक का रहा है और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को मिलकर हासिल किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित