भिवानी , अगस्त 03 -- हरियाणा में जर्नलिस्ट क्लब भिवानी (जेसीबी) के तत्वावधान में सोमवार को वैश्य इंटरनेशनल स्कूल परिसर में पौधारोपण अभियान-2026 का शुभारंभ किया गया। अभियान का शुभारंभ जिला वन अधिकारी डॉ. राजेश वत्स ने नीम का पौधा लगाकर किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में 50 पौधे रोपे गए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला वन अधिकारी वत्स तथा अंचल अस्पताल के निदेशक डॉ. विनोद अंचल और डॉ. अनीता अंचल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वैश्य इंटरनेशनल स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एडवोकेट शिवरतन गुप्ता ने की। इस अवसर पर समाजसेवी, शिक्षाविद, शहर के गणमान्य नागरिक तथा विद्यालय परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे।
डॉ. वत्स ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण आवश्यक है। उन्होंने बताया कि वन महोत्सव के तहत जिले में चार लाख से अधिक पौधे तैयार किए गए हैं और सभी से इनका रोपण व संरक्षण करने की अपील की।
जर्नलिस्ट क्लब के अध्यक्ष ईश्वर धामु ने बताया कि क्लब पिछले आठ वर्षों में करीब चार हजार पौधे लगा चुका है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वक्ताओं ने कहा कि विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी समान रूप से ध्यान देना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। विद्यालय के प्राचार्य करतार सिंह जाखड़ ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित