अलवर , जुलाई 18 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के खुशखेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र की एक कंपनी में हुई बड़ी चोरी का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों से करीब 10 लाख रुपये का चोरी का माल और कंपनी के सुरक्षा गार्ड की चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय ने शनिवार को बताया कि पुलिस ने तकनीकी जांच, मुखबिर तंत्र और करीब 30 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस ने बताया कि 15 जुलाई को खुशखेड़ा स्थित बीसी टेको प्रा लि के प्रबंधक कुलदीप सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 जुलाई की रात अज्ञात चोर कंपनी परिसर से मशीन पर लगे कॉपर के दो ब्रैकेट और सुरक्षा गार्ड की मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई थी।
घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। जांच में दोनों आरोपियों की पहचान होने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी पहचान अरविंद कुमार (30), निवासी झीटकाही, थाना कांटी, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) और गुलफान (28) निवासी शाहपुर, थाना गजरौला, जिला अमरोहा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुइै है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित