अलवर , मई 30 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के तहत भिवाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार देर रात रॉयल प्लाजा और जेनेसिस मॉल में संचालित 10 से अधिक स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी करके 30 से ज्यादा युवतियों को हिरासत में लिया जबकि दो युवकों को गिरफ्तार किया।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि यह कार्रवाई भिवाड़ी बाईपास स्थित रॉयल प्लाजा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और जेनेसिस मॉल में की गई। मटिला चौकी प्रभारी पुनीत मीणा और भिवाड़ी मोड़ चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में 20 से ज्यादा पुलिसकर्मियों के दल ने दोनों स्थानों पर एक साथ छापा मारा। दल में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं।
रॉयल प्लाजा में करीब चार स्पा सेंटरों पर छापेमारी की गई, जहां से करीब 10 युवतियों को हिरासत में लिया गया। वहीं जेनेसिस मॉल में छह स्पा सेंटर्स पर कार्रवाई में 20 से अधिक युवतियों को हिरासत में लिया गया और दो युवकों को गिरफ्तार किया गया।
सभी युवतियों एवं युवकों को भिवाड़ी मोड़ पुलिस चौकी लाया गया। पुलिस अब इनके खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज करके जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित