अलवर , अप्रैल 14 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी क्षेत्र में मजदूरों के विरोध को देखते हुए जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने मंगलवार को जिला सचिवालय खैरथल में जिले के सभी औद्याेगिक संघों एवं उद्योगपतियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।

बैठक में श्रमिकों के अधिकारों एवं सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए कई अहम निर्देश जारी किए गए।

श्री प्रकाश ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी उद्योगपति मजदूरों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करें। साथ ही कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मजदूरों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव हो सके।

इसके अतिरिक्त फैक्ट्रियों में संचालित कैंटीन व्यवस्था को सुचारु रखने, स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने और सभी मजदूरों को उचित सुविधाएं देने के निर्देश भी दिए गए। श्रमिकों को नियमानुसार अवकाश उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिये।

जिला कलेक्टर ने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिये कि कोई असामाजिक तत्व मजदूरों को सोशल मीडिया अथवा किसी अन्य प्रकार से भड़काने या माहौल खराब करने का प्रयास करता है तो ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

उन्होंने उप आयुक्त श्रम विभाग को निर्देश दिए कि औद्योगिक इकाइयों द्वारा वेतन भुगतान के बाद ठेका श्रमिकों से संपर्क करके पुष्टि कराई जाए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि ठेकेदारों द्वारा मजदूरों को समय पर पूरा वेतन मिल रहा है या नहीं। कहीं भी अनियमितता पाई जाती है तो तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

इसके साथ ही श्री प्रकाश ने अधिकारियों, उद्योगपतियों एवं संबंधित विभागों को निर्देश दिये कि श्रमिकों को प्रभावी श्रम कानूनों एवं नियमों की जानकारी सरल भाषा में दी जाए, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें। उन्होंने कहा कि मजदूरों में विश्वास कायम करना प्रशासन और उद्योगों की साझा जिम्मेदारी है, इसलिए संवाद और पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है। किसी भी प्रकार की समस्या, विवाद या असामान्य गतिविधि की सूचना मिले तो उसे तत्काल प्रशासन को अवगत कराया जाए, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित