अलवर, अप्रैल 12 -- ाजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले अंतर्गत भिवाड़ी शहर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि सरेआम हमले अब आम बात बनते जा रहे हैं। यूआईटी फेज थर्ड थाना क्षेत्र के हरचंदपुर गांव चौक पर शनिवार की देर शाम को एक फल विक्रेता कुलदीप पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फल खरीदने के बाद पैसों को लेकर हुए विवाद में टिंकू नामक युवक ने पहले विक्रेता के साथ मारपीट की। इसके बाद उसने अपने करीब एक दर्जन साथियों को मौके पर बुला लिया। सभी आरोपियों ने मिलकर कुलदीप की बेरहमी से पिटाई की और फिर टिंकू ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया। सूचना मिलते ही थाना अधिकारी दारा सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

इसी दिन सेक्टर-4 सब्जी मंडी में भी एक अन्य सब्जी विक्रेता पर लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित