अलवर , अप्रैल 16 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिला के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित रिलैक्सो इंडिया फुटवियर में गुरुवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब छुट्टी के दौरान मजदूरों और कंपनी के बाउंसर के बीच हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार देखते ही देखते फैक्ट्री गेट के बाहर हालात बेकाबू हो गए और पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मामूली कहासुनी ने कुछ ही मिनटों में उग्र रूप ले लिया। मजदूरों का आरोप है कि बाउंसर ने पैंट में देसी कट्टा छिपा रखा था और बार-बार गोली मारने की धमकी दे रहा था। यह बात फैलते ही सैकड़ों मजदूर भड़क गये और बाउंसर को घेर लिया। गुस्साए श्रमिकों ने बाउंसर पर जमकर लात-घूंसे बरसाए, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई।

स्थिति बिगड़ती देख बाउंसर सीधे थाने जा पहुंचा। बाउंसर के साथ आई पुलिस के पहुंचने से पहले ही मजदूर मौके से हट गए, लेकिन तब तक पूरे औद्योगिक क्षेत्र में घटना की खबर आग की तरह फैल चुकी थी।घटना के बाद आसपास की फैक्ट्रियों में भी कामकाज पर असर पड़ा और श्रमिकों में असुरक्षा का माहौल बन गया। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है और फैक्ट्री प्रबंधन सहित कई लोगों से पूछताछ कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित