खैरथल-तिजारा , अक्टूबर 20 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी फेज थर्ड थाना क्षेत्र में मंगलवार को सांथलका स्थित डीए पैकेजिंग कंपनी में आग लगने से हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और कंपनी से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। फैक्ट्री के अंदर और आसपास धुएं के घने गुबार छा गए। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर रवाना हुईं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग की चपेट में आई कंपनी में गत्ते के बॉक्स बनाने का काम होता है।
आग लगने के दौरान फैक्ट्री में काम कर रहे करीब छह मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया। एहतियात के तौर पर आसपास की फैक्ट्रियों को भी खाली कराया गया और मजदूरों को घटनास्थल से दूर रखा गया, ताकि आग फैलने की स्थिति में किसी तरह की जनहानि से बचा जा सके।
सूत्रों ने बताया कि मौके पर पुलिस प्रशासन और दमकलकर्मी मौजूद रहे। फिलहाल दमकल की दल आग पर काबू पाने में जुटे हैं। आग से हुए नुकसान और घटना के वास्तविक कारणों का आकलन आग बुझने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित