अलवर , अप्रैल 30 -- राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले में भिवाड़ी क्षेत्र के सांथलका गांव में गुरुवार सुबह खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में विस्फोट हो जाने से एक ही परिवार के चार बच्चों सहित सात लोग गंभीर रुप से झुलस गये।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गैस सिलेंडर धमाका इतना तेज था कि पूरे घर में आग फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय घर में मौजूद परिवार के सात सदस्य इसकी चपेट में आ गए और गंभीर रुप से झुलस गए। घटना में झुलसे लोगों में नेम सिंह (40) , ममता (35) , काजल (17), किशनवती (15), पंकज (07) , छगन (04) और वीरेश (40) शामिल हैं।
धमाके के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि घर में गैस लीक होने के कारण यह हादसा हुआ, जिसके बाद सिलेंडर फट गया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घायलों को तत्काल अलवर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए उच्च केंद्र रेफर किया जायेगा। हादसे में घायल सभी उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं जो मजदूरी करने के लिए भिवाड़ी आये थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित