अलवर, जुलाई 17 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी फैज तृतीय थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कहरानी गांव से अमेजन कंपनी का भारी मात्रा में चोरी किया गया सामान बरामद किया है।

पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करके करीब 80 लाख रुपये कीमत का माल जब्त किया है। बरामद सामान में आईफोन, मैकबुक, टैबलेट, मोबाइल फोन, लैपटॉप स्क्रीन एक्सटेंडर, पंखे, ओवन, इन्वर्टर, जिम उपकरण, व्हील चेयर, ट्रॉली बैग और अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुएं शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय ने शुक्रवार को बताया कि थानाधिकारी विक्रम सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गयी। उन्होंने बताया कि पुलिस को 14 जुलाई को सूचना मिली थी कि कहरानी गांव की बावरियों की ढाणी में एक मकान और उससे जुड़े अन्य स्थानों पर भारी मात्रा में संदिग्ध सामान रखा गया है। इसके बाद सहायक उप निरीक्षक टोकन ओझा के नेतृत्व में पुलिस ने छापेमारी करके तीन अलग-अलग स्थानों से अमेजन कंपनी का नया इलेक्ट्रॉनिक और घरेलू सामान बरामद किया।

मौके से यूनुस खान (35) और उसके भाई असलम खान (30) को गिरफ्तार किया गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी यूनुस पिछले चार-पांच वर्षों से अमेजन कंपनी में कार्यरत था और सोहना डिलीवरी प्वाइंट पर स्टेशन मैनेजर के रूप में काम कर रहा था। पुलिस जांच के अनुसार आठ जून से 28 जून के बीच ग्राहकों द्वारा लौटाये गये करीब आठ हजार 500 पैकेट तावडू के वेयरहाउस में जाने थे, लेकिन इनमें से करीब एक हजार पैकेट यूनुस ने चोरी कर अपने घर पहुंचा दिये।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अपने परिचितों के नाम पर नॉन-वेरिफिकेशन के जरिए महंगा सामान मंगवाता था और उसमें से असली सामान निकालकर उसकी जगह नकारे गये या बेकार सामान रख देता था। इसके बाद पैकेट को यह लिखकर वापस भेज दिया जाता था कि ग्राहक ने डिलीवरी स्वीकार नहीं की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित