अलवर , मई 03 -- राजस्थान के अलवर में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान 'म्यूल हंटर' के तहत भिवाड़ी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 57 करोड़ रुपये की साइबर ठगी में शामिल आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि आरोपी जोड़िया मेव ने फर्जी फर्मों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दिया। वह अपने बैंक खातों को किराये पर देकर ठगी की रकम लेन देन के लिए इस्तेमाल कराता था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए हैं।

पुलिस ने बताया कि जांच में सामने आया कि एमके एंटरप्राइजेज नाम से खाता खुला हुआ था जिसमें साइबर के पोर्टल पर 75 शिकायत दर्ज हुई थी जब इस खाते का रिकॉर्ड खंगाला तो इसमें करोड़ों रुपए का ट्रांजैक्शन पाया गया। संदिग्ध बैंक खाते में देशभर से करोड़ों रुपये का लेनदेन हो रहा था। खाते की डिटेल खंगालने पर करीब 57 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का खुलासा हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित