अलवर , अक्टूबर 31 -- केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने शनिवार को राजस्थान में भिवाड़ी के विकास, आधारभूत सुविधाओं, औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार और धार्मिक पर्यटन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

श्री यादव ने यहां पत्रकारों को बताया कि भिवाड़ी के समग्र और सुनियोजित विकास के लिए एकीकृत विकास एजेंसी की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इसी दिशा में भिवाड़ी विकास प्राधिकरण (बीडीए) के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ायी गयी है। उन्होंने बताया कि बीडीए के प्रस्ताव को सरकार के विधि विभाग से भी स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही इसे स्थापित करके विकास कार्यों को समन्वित तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।

श्री यादव ने कहा कि शुरुआती चुनावों के समय से ही उनका प्रयास रहा है कि भिवाड़ी में अलग-अलग विभागों और एजेंसियों के माध्यम से होने वाले विकास कार्यों के बजाय एक ऐसी एकीकृत व्यवस्था हो, जिसके माध्यम से पूरे क्षेत्र का सुनियोजित विकास किया जा सके। इसी उद्देश्य से बीडीए के गठन की पहल की गयी है। इसकी घोषणा बजट में भी की गयी थी। अब विधि विभाग की स्वीकृति मिलने के बाद इसके गठन और स्थापना का रास्ता साफ हुआ है। इससे क्षेत्र में विकास कार्यों के बेहतर समन्वय और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की उम्मीद है।

इस दौरान श्री यादव ने राष्ट्रीय एकता दिवस और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती का उल्लेख करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश की रियासतों का एकीकरण कर केभारत को एकता के सूत्र में बांधने में ऐतिहासिक भूमिका निभायी। उन्होंने अपने जीवन में संघर्ष, किसानों के हितों की आवाज और देश की एकता एवं अखंडता के लिए जो योगदान दिया, वह हमेशा याद किया जायेगा। उनकी स्मृति में एकता दौड़ का आयोजन भी किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित