अलवर , फरवरी 20 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के खुशखेड़ा - कारौली भिवाड़ी स्थित रीको भू-खण्ड में फैक्ट्री में आग लगने की गंभीर घटना के बाद जिला प्रशासन द्वारा औद्योगिक इकाइयों की व्यापक जांच अभियान चलाया जा रहा है।
भिवाड़ी अतिरिक्त जिला कलक्टर सुमित्रा मिश्र ने बताया कि इस दौरान विभिन्न मानकों पर खरा नहीं उतरने के कारण 410 कंपनियों को नोटिस जारी किया गया है। जिला कलक्टर खैरथल-तिजारा डाॅ आर्तिका शुक्ला के निर्देशानुसार गठित संयुक्त जांच समिति द्वारा भिवाड़ी एवं आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में संचालित इकाइयों का विस्तृत निरीक्षण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 17 फरवरी से 19 फरवरी 2026 तक विभिन्न विभागों के संयुक्त दलों द्वारा सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान रीको प्रथम इकाई द्वारा 428 कंपनियों, रीको द्वितीय इकाई द्वारा 355 कंपनियों, फैक्ट्री एवं बॉयलर्स विभाग द्वारा 75 कंपनियों, राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल द्वारा 250 कंपनियों, श्रम विभाग द्वारा 50 कंपनियों और नगर परिषद भिवाड़ी द्वारा 148 कंपनियों का निरीक्षण किया गया।
सुमित्रा मिश्र ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कुल 410 कंपनियों में विभिन्न विभागीय मानकों एवं नियमों का पूर्ण पालन नहीं पाए जाने पर संबंधित विभागों द्वारा नोटिस जारी किए गए हैं। इन कंपनियों को निर्धारित समयावधि में आवश्यक सुधार एवं अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों, पर्यावरणीय नियमों एवं श्रम कानूनों की पालना सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की पुनरावृत्ति को रोकना और औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षित एवं नियमानुसार संचालन सुनिश्चित करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित