अलवर , जून 05 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी यूआईटी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित रामको मेटल फैक्ट्री में गुरुवार को लगी भीषण आग में झुलसे हरपाल यादव की दिल्ली में उपचार के दौरान मौत हो गई।
पार्षद देवेंद्र यादव सहित अन्य घायल कर्मचारियों का इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब दो बजे रामको मेटल फैक्ट्री परिसर में अचानक आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की शुरुआत फैक्ट्री की छत पर रखे ऑयल टैंकर से हुई और देखते ही देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया। कुछ ही देर में आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया और उससे सटी इकाइयों तक फैल गई।
हादसे के समय फैक्ट्री मालिक देवेंद्र यादव, उनके छोटे भाई हरपाल यादव और अन्य कर्मचारी कार्यालय में मौजूद थे। आग लगते ही फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने पीछे के दरवाजों और वैकल्पिक रास्तों से बाहर निकलकर जान बचाई, जबकि कुछ लोगों को दीवार फांदकर बाहर निकलना पड़ा।
इसी दौरान देवेंद्र यादव और हरपाल यादव आग की लपटों के बीच फंस गए और गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दिल्ली भेज दिया गया। आज सुबह उपचार के दौरान हरपाल यादव ने दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल फैक्ट्री मालिक एवं भिवाड़ी यूआईटी सेक्टर-9 के पार्षद देवेंद्र यादव और कर्मचारी दिनेश का दिल्ली में इलाज जारी है, जबकि घायल छतर सिंह का भिवाड़ी के एक निजी अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
हरपाल यादव पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट थे। वह भिवाड़ी की भगत सिंह कॉलोनी में एक कोचिंग सेंटर का संचालन करते थे और साथ ही रामको मेटल कंपनी के अकाउंट्स संबंधी कार्य भी संभालते थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार को वह कंपनी के काम से अपने बड़े भाई देवेंद्र यादव से मिलने फैक्ट्री पहुंचे थे। दोनों भाई ऑफिस में बैठकर चर्चा कर रहे थे, तभी यह भयावह हादसा हो गया।
आग लगने का कारण शुरुआती जांच में ऑयल टैंकर से होना सामने आ रहा है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित