अलवर , फरवरी 16 -- राजस्थान में अलवर जिले के भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को गत्ते बनाने के कारखाने में आग लगने से सात श्रमिकों की मौत हो गयी, जबकि कई अन्य घायल हो गये।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घटना को त्रासद बताते हुए उसपर गहरा शोक जताया है। श्री मोदी ने एक्स पर लिखा, "राजस्थान के भिवाड़ी में आग की घटना त्रासद और अति-पीड़ादायक है। मैं इस घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं।"प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटनास्थल से मानव कंकाल बने सात शव बरामद किये गये हैं। बताया जा रहा है कि इस कारखाने में गत्ते बनाये जाते हैं। सूत्रों ने बताया कि सुबह करीब सवा नौ बजे एक निजी औद्योगिक इकाई में लगी, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, दमकल दल, बचाव दल और चिकित्सकों का दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। क्षेत्र को घेराबंदी करके राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया गया। घायलों को उपचार के लिये अस्पताल भेजा गया है। आग लगने के कारणों की जांच प्रारंभ कर दी गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित