दुर्ग , जुलाई 23 -- ) छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित भिलाई के सेंट्रल एवेन्यू रोड पर गुरुवार तड़के एक तेज रफ्तार काल से टकरा गयी, जिसके कारण दो युवकों की मौत हो गयी। तेज रफ्तार कार के सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा जाने के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना आज तड़के करीब चार से पांच बजे के बीच हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार सेक्टर-9 से सेक्टर-6 की ओर जा रही थी। इसी दौरान सेंट्रल एवेन्यू रोड पर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना में दीपक गुप्ता (23) और कौशिक दास (15) की मौके पर ही मौत हो गयी। दोनों भिलाई के सेक्टर-6 के निवासी थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
पुलिस ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हादसे के समय कार कौन चला रहा था। जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि दुर्घटना के वक्त चालक की सीट पर कौन था और किन परिस्थितियों में यह हादसा हुआ।
मामले की जांच के तहत पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार हादसे की एक संभावित वजह मानी जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित