दुर्ग , सितंबर 24 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र में स्कूल जाने के लिए घर से निकली एक नाबालिग छात्रा के साथ सुनसान इलाके में छेड़छाड़ और जबरदस्ती करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने घटना के करीब चार घंटे के भीतर दो आरोपियों को पकड़ लिया, जिनमें एक नाबालिग है।

पुलिस से गुरुवारको मिली जानकारी के अनुसार घटना बुधवार सुबह भिलाई स्टील प्लांट क्षेत्र के सेक्टर-6 में हुई। छात्रा रोज की तरह ट्यूशन जाने के लिए घर से निकली थी। ट्यूशन से लौटने के बाद उसे अपनी सहेली के घर जाना था। इसी दौरान खंडहरनुमा इमारतों और झाड़ियों से घिरे रास्ते पर दो लड़कों ने उसे अकेला देखकर रोक लिया।

आरोप है कि दोनों ने छात्रा को घेरकर उसके साथ जबरदस्ती शुरू कर दी। छात्रा ने खुद को बचाने का प्रयास करते हुए लगातार मदद के लिए आवाज लगाई लेकिन इलाका सुनसान होने के कारण तत्काल कोई वहां नहीं पहुंच सका।

कुछ देर बाद रास्ते से गुजर रहे स्थानीय युवकों ने खंडहर की ओर से छात्रा के चिल्लाने की आवाज सुनी। युवक मौके पर पहुंचे तो उन्होंने दो लड़कों को छात्रा के साथ जबरदस्ती करते देखा। युवकों ने दोनों को रोकने का प्रयास किया और तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। युवकों को अपनी ओर आते देख दोनों आरोपी वहां से भागने की कोशिश करने लगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित