रायपुर , अगस्त 01 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में भाजपा के दो पदाधिकारियों के बीच कथित फोन बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। वायरल ऑडियो में भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष खगेश कोसरिया के बीच पार्टी के एक कार्यक्रम में नाश्ता, पानी और स्वागत व्यवस्था को लेकर चर्चा सुनाई दे रही है।

कथित ऑडियो में कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों के स्वागत और व्यवस्थाओं को लेकर दोनों नेताओं के बीच लंबी बातचीत हुई। बातचीत के दौरान पुरुषोत्तम देवांगन ने कार्यक्रम को संगठन की छवि से जोड़ते हुए बेहतर व्यवस्था की जरूरत बताई। उन्होंने पैकेट में नाश्ता, पानी और फूल-माला की व्यवस्था करने की बात कही।

वहीं, खगेश कोसरिया ने बातचीत के दौरान अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि पिछले कुछ समय से उनका कारोबार ठीक नहीं चल रहा है और वह फिलहाल अतिरिक्त खर्च उठाने की स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने कार्यक्रम के लिए सामान्य व्यवस्था के तौर पर समोसा, जलेबी, चाय और पानी की व्यवस्था करने का सुझाव दिया।

कथित ऑडियो में दोनों नेताओं के बीच बहस उस समय बढ़ गई जब पुरुषोत्तम देवांगन ने कहा कि अगर जिला अध्यक्ष 6-7 हजार रुपए का खर्च भी नहीं उठा सकता तो यह संगठन के लिए ठीक संदेश नहीं है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारी लेने के बाद कार्यक्रम संगठन की गरिमा के अनुरूप होना चाहिए।

इस पर खगेश कोसरिया ने कहा कि वह संगठन चलाने से पीछे नहीं हट रहे हैं, लेकिन अपनी क्षमता से ज्यादा खर्च नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि किसी से उधार लेकर या पैसे मांगकर कार्यक्रम करना उचित नहीं है।

कथित बातचीत में पुरुषोत्तम देवांगन ने यह भी कहा कि अगर संगठन नहीं चला सकते तो स्पष्ट रूप से बता दें और जरूरत पड़ने पर इस्तीफा देने की बात भी कही। उन्होंने व्यवस्था संभालने में असमर्थता होने पर लिखित में देने की बात कही।

वहीं, खगेश कोसरिया ने जवाब दिया कि वह संगठन चला रहे हैं और आगे भी चलाते रहेंगे, लेकिन अपनी आर्थिक क्षमता से बाहर जाकर खर्च नहीं कर सकते।

इस कथित ऑडियो को कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करते हुए भाजपा पर हमला बोला। कांग्रेस ने लिखा, "जनता महंगाई से लड़ रही है और भाजपा नाश्ते की लड़ाई लड़ रही है।"कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा के दो जिलाध्यक्षों के बीच नाश्ते की व्यवस्था को लेकर वायरल हो रहे ऑडियो से पार्टी की कार्यशैली और प्राथमिकताएं सामने आ गई हैं। कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा, "सत्ता की मलाई कम पड़ गई क्या, जो अब समोसे पर संग्राम सुनना बाकी था।"कांग्रेस ने आगे कहा कि जनता के मुद्दों पर सन्नाटा है और नाश्ते पर महाभारत हो रही है। पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा जनता की समस्याओं के बजाय अपने अंदरूनी कार्यक्रमों और दिखावे की राजनीति में उलझी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित